Pages

Friday, 24 May 2013

अपहरण के विरोध में सड़क पर उतरीं महिलाएं

---अपहरण के विरोध में सड़क पर उतरीं महिलाएं
पुटकी : भागाबांध क्षेत्र से अपहृत 14 वर्षीय सौरभ की बरामदगी की मांग को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र की महिलाएं बच्चों सहित सड़क पर उतर गई। आक्रोशित महिलाओं ने बोर्रागढ़ पुल के समीप पुटकी-जामाडोबा मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक वाहनों का परिचालन थमा रहा। आंदोलित महिलाओं ने कहा कि 22 मई को अपहृत सौरभ को ढूंढ़ने में पुलिस पूरी तरह नाकाम रही है। काफी मशक्कत के बाद ओपी प्रभारी इंद्रदेव राम ने महिलाओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को सुलझाया। इसके बाद इस मार्ग पर परिचालन शुरू हुआ। मौके पर पिंकी देवी, मुन्नी देवी, धनेश्वरी देवी, सावित्री देवी, नीतु देवी, कुसुम देवी सहित अन्य मौजूद थी।
पुत्र वियोग में तड़प रही मां : घटना को लेकर बीएनआर आठ नंबर निवासी अपहृत सौरभ की मां पुत्र वियोग में तड़प रही हैं। घर के दरवाजे पर अ‌र्द्धबेहोशी की हालत में पड़ी महिला अपने पुत्र के लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।
पुलिस कर रही पूछताछ : सौरभ अपहरण मामले में उसके पिता सुरेश पासवान की शिकायत पर पुलिस राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है।

छोटे कर्मचारी की बलि ले रहा प्रबंधन

छोटे कर्मचारी की बलि ले रहा प्रबंधन
चिरकुंडा/निरसा : एमपीएल में कोयले हेराफेरी के मामले में विस्थापित युवक लक्ष्मण मोदी को जेल भेजे जाने के मामले में एमपीएल विस्थापित व स्थानीय समिति ने शुक्रवार को एचआर हेड के साथ बैठक कर नाराजगी जताई। समिति का कहना है कि हेराफेरी के मामले में बड़े अधिकारी के बजाय छोटे-छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है।
समिति ने एचआर हेड एसएस चौधरी से कहा कि एमपीएल विस्थापितों को ट्रेनिंग के हिसाब से काम देने की बजाए दूसरे कार्य में लगाकर उसे जेल भिजवाने का काम कर रही है। लक्ष्मण मोदी ने वेल्डर की ट्रेनिंग ली है। जबकि प्रबंधन उससे कोल यार्ड में डाटा इंट्री का काम ले रहा है।
समिति ने कहा कि हेराफेरी का मामला पहली बार नहीं हुआ है बल्कि इसके पूर्व भी इस प्रकार की घटना हो चुकी है। एमपीएल में कोयले की देखरेख करने वाले विभाग के बड़े अधिकारी भी इसके लिए दोषी हैं। उन्होंने कहा कि एमपीएल ने इस मामले में पहले क्यों नहीं शिकायत दर्ज कराई।
एचआर हेड एसएस चौधरी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं एमपीएल भी मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी आतंरिक जांच करा रही है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती है तब तक किसी को दोषी करार देना उचित नहीं है। चौधरी ने कहा कि अगर लक्ष्मण मोदी दोषी नहीं होगा तो उसे छुड़ाने के लिए एमपीएल उसकी पूरी मदद करेगा। वहीं चौधरी ने कहा कि कोयले के मामले में जहां जहां गड़बड़ी है उसे दूर करने का प्रयास जारी है।
बैठक में समिति के अध्यक्ष अशोक मंडल, महासचिव राम रंजन मिश्रा, कामाख्या चौधरी, सपन तिवारी, सुबल तिवारी, सपन लोहार, पीसी माजी, समर लोहार, मनोहर मंडल सहित अन्य उपस्थित थे।

बाबा रामदेव के नाम पर 5 लाख ठगे

बाबा रामदेव के नाम पर 5 लाख ठगे
झरिया/लोदना, धनबाद : ठगों ने बाबा रामदेव के नाम पर पांच लाख का चूना लगा दिया। नीचे राजबाड़ी रोड, झरिया निवासी गिरिराज गोयल के आवास पर शुक्रवार को तीन युवक आए और सफाई के नाम पर जेवरात ले उड़े। इस संबंध में झरिया थाना में शिकायत की गयी है।
बताया गया कि तीन युवक उनके आवास पर आए और कहा कि वे पतंजलि योगपीठ से आए हैं। रामदेव बाबा की पीठ में निर्मित विशेष केमिकल लाए हैं। इससे सोना-चांदी समेत अन्य धातु दमक जाती है। गिरिराज ने बताया कि बाबा का नाम सुन हमने उसे पीतल का बर्तन चमकाने के लिए दिया। बर्तन साफ करने के बाद उन्होंने जेवरात मांगे तो पत्नी की पायल दी। उन्होंने पायल भी साफ करके दे दिया। इसके बाद पत्नी ने हीरा जडि़त सोने का कंगन, सोने की चेन व अंगूठी साफ करने के लिए दिया। उसे साफ करने के लिए आभूषण बर्तन में डालकर उसे खौलाने रसोई में गए। कुछ देर बाद जेवरात निकालने की हिदायत देकर चलते बने। थोड़ी देर बाद जब बर्तन खोलकर देखा तो जेवरात गायब थे। पता नहीं कब उन्होंने हमारी नजर बचाकर आभूषण गायब कर दिए। गौरतलब है कि 17 अप्रैल को झरिया की वंदना खंडेलवाल के घर से एक लाख के जेवर अपराधी इसी प्रकार उड़ा ले गए थे।
-------------
जागरण सुझाव
1. जेवरों की सफाई करने के नाम पर ठगने वाले युवकों से सावधान रहें।
2. अपरिचित व्यक्ति को घर के अंदर न आने दें।
3. यदि कोई जेवर साफ करने के नाम पर आता है तो पुलिस को तत्काल सूचना दें।

संतों से मिलता संस्कार : साध्वी कृष्णा

संतों से मिलता संस्कार : साध्वी कृष्णा
गोमो/गोमो बाजार: भगवान भूखा उठाता है पर भूखा सुलाता नहीं। सभी अपनी-अपनी किस्मत से खाते हैं। भागवत ऐसा कल्पवृक्ष है जो सदैव कुछ न कुछ देती है। सत्संग के बिना कुछ प्राप्त नहीं किया जा सकता।
यह कहना है आशाराम बापू की शिष्या साध्वी कृष्णा का। वह स्थानीय फुटबाल मैदान में आयोजित भागवत गीता सत्संग में बोल रही थीं। सत्संग के दूसरे दिन उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति विषम और प्रतिकूल परिस्थिति में भी सत्संग सुनता है, उसी पर भगवान कृपा बरसाते हैं। संतों से ही संस्कार मिलता है। उन्होंने बीच-बीच में भजन पेशकर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। इसके आयोजन में योग वेदांत समिति के सदस्य सक्रिय योगदान दे रहे हैं।

फोटो-4 एवं 5: एकता से ही पूंजीवादी व्यवस्था का सफाया

फोटो-4 एवं 5: एकता से ही पूंजीवादी व्यवस्था का सफाया
अंगारपथरा: शहीद मजदूरों के खून से लथपथ कपड़े से जन्मे इस लाल झंडे का रंग महामंदी के दौर में और भी चटख हो गया है। एकता एवं संघर्ष के रास्ते चलकर ही पूंजीवादी व साम्राज्यवादी व्यवस्था का सफाया कर शोषण विहीन समाज की संरचना की जा सकती है।
यह कहना है मजदूर संगठन समिति के केंद्रीय सदस्य महादेव सिंह का। वह शुक्रवार को नेशनल अंगारपथरा में मई दिवस के अवसर पर आयोजित सभा में बोल रहे थे। उन्होंने मजदूरों से संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। सभा को शहजाद अंसारी और अधिवक्ता दीपनारायण भट्टाचार्य ने भी अपने विचार रखे। इसके पूर्व अमर शहीदों को लाल सलाम, जिसने बदला जग का नक्शा उन वीर शहीदों को लाल सलाम, दुनिया के मजदूर एक हों आदि क्रांतिकारी गीतों और नारों के बीच ध्वजारोहण किया गया। शहीद शक्ति महतो की प्रतिमा पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

लोक अदालत में निपटे 219 मामले

लोक अदालत में निपटे 219 मामले
कोर्ट संवाददाता, धनबाद : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्येंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत में 219 मामलों का निष्पादन कर 24 लाख 49 हजार 2 सौ रुपये की वसूली की गयी। वाहन दुर्घटना से जुड़े दस लाभुकों को जिला एवं सत्र न्यायधीश ने 17 लाख 80 हजार रुपये का चेक बीमा कंपनी की ओर से प्रदान किया। न्यू इलेक्ट्रिसिटी के 52 मामले, मोटर वाहन यान दुर्घटना के 13 मामले, सिविल के 3 मामले, एचडीएफसी व एसबीआइ सहित अन्य बैंकों के 29 मामले, नाप तौल विभाग का एक मामला, सुलह योग्य अपराध के 57, रेलवे एक्ट के 57, एनआइ एक्ट के 4, वन विभाग के एक तथा सर्टिफिकेट के दो मामलों का निष्पादन किया गया। इस मौके पर जिला न्यायाधीश आरएन तिवारी, पीके उपाध्याय, एसीजेएम बीके पाठक, सिविल जज रमेश कुमार, मुंसिफ जज रमेश कुमार व एमपी मिश्रा, न्यायिक दंडाधिकारी आनंद प्रकाश, एस बिरुआ, रेलवे के न्यायिक दंडाधिकारी रजनीकांत पाठक, पीएलए चेयरमैन विजय कुमार सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सत्येंद्र कुमार पांडेय एवं डालसा सचिव डीके मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मजदूर की मौत, मुआवजे के लिए गेट जाम

मजदूर की मौत, मुआवजे के लिए गेट जाम
मैथन : मैथन ओपी अंतर्गत बाबा हाईटेक प्रा. लि. मेढ़ा में गुरुवार शाम हाइड्रा मशीन की चपेट से 45 बरस का एक मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने कंपनी के गेट को जाम कर दिया। प्रबंधन द्वारा पीड़ित परिवार को पांच लाख, दाह संस्कार के लिए 50 हजार नगद और उसके पुत्र को नियोजन देने की घोषणा के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक रमाकांत यादव जब अपना काम कर रहा था तभी हाइड्रा मशीन की चपेट में आकर जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे एक नर्सिग होम में भर्ती किया गया जहां के चिकित्सकों ने उसे केन्द्रीय अस्पताल भेज दिया। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे मिशन अस्पताल दुर्गापुर भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गयी। यह सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने शव के साथ कंपनी के गेट को जाम कर दिया। वे पीड़ित परिवार को दस लाख रुपया मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। वार्ता में प्रबंधन की ओर से बमबम जायसवाल, विष्णुपदो भुइयां, तथा मजदूरों की ओर से झाविमो नेता मन्नू तिवारी, मधुरेन्द्र गोस्वामी, फारुक गलेरिया, मासस नेता मुन्ना यादव, मुखिया मनोज राउत, माले नेता रवीन्द्र वर्णवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष डबलू बाउरी, उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी तथा प्रशासन की ओर से डीएसपी एजरा बोदरा, सीआइपी राजकपूर, ओपी प्रभारी एस लिंडा आदि शामिल थे।

युवा कांग्रेस ने फूंका बिजली जीएम का पुतला

युवा कांग्रेस ने फूंका बिजली जीएम का पुतला
जासं, धनबाद : शहर में भीषण विद्युत संकट से गुस्साए युवा कांग्रेसियों ने शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर विद्युत महाप्रबंधक का पुतला दहन किया। युवा कांग्रेस के लोक सभा अध्यक्ष अभिजीत राज ने कहा कि अगर एक सप्ताह में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं होती है, तो विद्युत विभाग के खिलाफ व्यापक आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि विभागीय गड़बड़ी से जुड़ी विस्तृत जानकारी राज्यपाल के सलाहकार को दे दी गई है। मौके पर नवीन सिंह, गजेंद्र सिंह, सरोज सिंह, एहसान खान, संजय वर्मा, संभव सिंह, चंदन पासवान, रवि दत्ता, अशोक वर्णवाल, राजेश सिंह, अनिल राय, महावीर महतो, इम्तियाज खान, बहादूर, नीरज पासवान, राजु झा, सूरज, महेश गुप्ता, नागेंद्र राय, गोपाल पाठक, अरुण पांडेय, मुन्ना तिवारी, अकबर, सफी खान, चंदन सिंह, हारुन, योगेश, आजाद, सुजल, विक्रमाजित, वीरेंद्र बहादूर, मंगल दत्ता, रंजित भुइयां, कशमीर सिंह, बासकीनाथ शामिल थे।

रेल परियोजनाएं तय समय में पूरा करने का निर्देश

रेल परियोजनाएं तय समय में पूरा करने का निर्देश
 धनबाद : धनबाद रेल मंडल चल रहे विकास कार्यो को तय समय पर पूरी करें। किसी भी तरह की अड़चन के लिए सीधे मुख्यालय से संपर्क कर उसे तत्काल समाप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाएं। यह बातें पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक अजय शुक्ला ने कही। एजीएम शुक्रवार को धनबाद मंडल में चल रहे विकास कार्यो की त्रैमासिक समीक्षा करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने डीआरएम सहित तमाम विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान अब तक पूरी हुई परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई।
महत्वपूर्ण बातें
- कोडरमा-हजारीबाग रेलखंड के बानाडाग तक सितम्बर से चलेंगी ट्रेनें
- पिपराडीह गुड्स शेड जुलाई तक पूरा होगा
- चंद्रपुरा राजाबेड़ा रेलखंड के दोहरीकरण कार्य में आएगी तेजी
- बरकाकाना स्टेशन पर बनेगा नया प्लेटफॉर्म
- मैक्लुस्कीगंज में लूप लाइन बिछाएगी रेलवे
- इनसेट-
इलेक्ट्रॉनिक आरक्षण चार्ट को और बेहतर बनाएं
धनबाद : शुक्रवार को धनबाद आये रेल एजीएम अजय शुक्ला ने धनबाद स्टेशन का जायजा लिया। यहां उन्होंने यात्री सुविधाओं के लिए किए गये कार्यो की जानकारी ली। धनबाद में लगे इलेक्ट्रॉनिक आरक्षण चार्ट डिस्प्ले को और बेहतर बनाने के सुझाव दिये। साफ-सफाई को लेकर संतुष्ट दिखे, पर सभी प्लेटफॉर्मो पर पहियायुक्त कूड़ादान लगाने के निर्देश दिये। रेल परिसर में गंदगी फैलाने वालों से सख्ती से निपटने की बात कही। यहां उन्होंने रूट रिले इंटरलॉकिंग के कंट्रोल रूम का भी मुआयना किया।
अरे..छाई गद्दा अब भी है
निरीक्षण के क्रम में एजीएम की नजर छाई गद्दा पर पड़ी, तो वो अचानक बोल पड़े, अरे.. छाई गद्दा अब भी वैसा ही है। विभागीय अधिकारियों ने दक्षिण छोर के लिए प्रस्तावित योजना के बारे उन्हें विस्तृत जानकारी दी।
मौके पर डीआरएम सहित सीनियर डीसीएम दयानंद, सीनियर डीईएनसी अभय कुमार, सीनियर डीओएम वेद प्रकाश, डीईएन स्पेशल केके पांडेय, सीनियर कमांडेंट शशि कुमार, सीएमएस डॉ. बीके सिंह, स्टेशन प्रबंधक एके पासवान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मैथन व पंचेत डैम का जलस्तर नीचे गिरा

मैथन : डीवीसी के मैथन व पंचेत डैम का गुरुवार को जलस्तर 453.81 एवं 404.63 फीट रहा। जबकि मैथन का न्यूनतम जलस्तर 435 एवं पंचेत का 392 फीट है। वर्तमान में मैथन का जलस्तर न्यूनतम से 18.81 फीट अधिक है। वहीं पंचेत का जलस्तर न्यूनतम से 12.63 फीट अधिक है। डीवीसी के एमआरओ विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मैथन से बंगाल को पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। पंचेत से प्रतिदिन 1200 एकड़ फीट पानी बंगाल को छोड़ा जा रहा है। पिछले वर्ष मध्य जून में मैथन डैम का जलस्तर 450 फीट एवं पंचेत का जलस्तर 394.32 फीट रहा। विभागीय सूत्रों का कहना है कि समय पर बारिश नहीं आती है, तो दोनों डैम का जल स्तर और कम होने की संभावना है।
चार दिन मैथन डैम पर वाहन परिचालन बंद रहेगा
मैथन : मैथन डैम की स्लूईस गेट रिपेयरिंग एवं मेंटनेंस का कार्य 24 मई से 27 मई तक किया जायेगा। जिसके कारण मैथन डैम पर वाहन आवागमन सुबह आठ बजे से लेकर संध्या चार बजे तक बंद रहेगा। इसकी जानकारी जनसंपर्क अधिकारी विजय कुमार ने विज्ञप्ति जारी कर दी।

कतरास का व्यापारी पुत्र सरायढेला से गायब

कतरास का व्यापारी पुत्र सरायढेला से गायब
 कतरास जीएमएम हाई स्कूल रोड निवासी दिवाकर मोदक ने सरायढेला थाने में अपने पुत्र देवनाथ उर्फ राजू मोदक के गायब होने की शिकायत की है। बताया है कि उनका पुत्र बुधवार को घर से स्कूटी की सर्विसिंग के लिए सरायढेला स्थित शो रूम आया था। साथ में उसकी पत्‍‌नी भी थी। पत्‍‌नी को सरायढेला जगजीवन नगर स्थित मामा ससुराल में छोड़ा, उसके बाद शो रूम गया। वहां गाड़ी लगाने के बाद उसने पिता को फोन किया कि कुछ खरीदारी करने जा रहा है। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है, मोबाइल भी ऑफ है। दिवाकर ने मामले की शिकायत थाने में की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

प्लेटफॉर्म 2-3 से हटेगी रैंप सीढ़ी, लगेगा एक्सक्लेटर

प्लेटफॉर्म 2-3 से हटेगी रैंप सीढ़ी, लगेगा एक्सक्लेटर
 धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन पर स्वचलित सीढ़ी (एक्सक्लेटर) को लेकर हो रही माथापच्ची दूर हो गई है। प्लेटफॉर्म संख्या दो-तीन पर रैम्प ब्रिज की सीढ़ी तोड़ी जाएगी। यहां एक्सक्लेटर लगाया जाएगा। यात्रियों को सीढ़ी चढ़ने से मुक्ति मिलेगी।
जंक्शन पर यात्री सुविधा के विस्तार के लिए स्वचलित सीढ़ी लगाने की योजना बनी है। पड़ोसी मुल्क चीन से स्वचलित सीढ़ी आयात हो चुकी है। पहले रेलवे ने प्लेटफॉर्म संख्या दो-तीन के मुख्य सीढ़ी पर एक्सक्लेटर लगाने की योजना बनाई थी। जिसे बाद में बदला गया। तय हुआ कि रैंप ब्रिज पर ही आधी सीढ़ी रहेगी और आधे में एक्सकेलेटर लगेगा। अंतत: तय हुआ कि रैंप सीढ़ी पूरी तरह हटाकर उसके स्थान पर एक्सकेलेटर लगाया जाएगा।
---------------
प्लेटफॉर्म आठ पर यात्री शेड को मंजूरी
धनबाद : स्टेशन के दक्षिणी छोर से सटे प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर यात्री शेड को मंजूरी मिल गई है। रेलवे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराएगी। विभागीय अधिकारी के अनुसार शेड निर्माण कार्य को लेकर धनबाद मंडल ने प्रस्ताव भेजा था, जिसे मुख्यालय ने स्वीकृति प्रदान की है। दक्षिणी छोर के टिकट घर से प्रतिदिन सैंकड़ों यात्री इस प्लेटफॉर्म पर पहुंचते हैं। धूप और बारिश में उन्हें परेशानी होती है। यात्री की दिक्कतों को देखते हुए शेड निर्माण का निर्णय लिया गया है।
-----------------
आज आएंगे एजीएम अजय शुक्ला
धनबाद : शुक्रवार को पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक अजय शुक्ला धनबाद आ रहे हैं। यहां वे विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे। डीआरएम सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ रेल मंडल में चल रही परियोजनाओं पर बैठक करेंगे।

शीघ्र बीआइएफआर से बाहर होगा सिंदरी कारखाना

सिंदरी : खाद कारखाना पुनरुद्धार को लेकर गुरुवार को नई दिल्ली में बीआइएफआर की बहुप्रतीक्षित सुनवाई संपन्न हुई। बीआइएफआर बोर्ड के चेयरमैन भवानी सिंह मीणा ने उभय पक्षों को सुनने के बाद 27 जून को सुनवाई की अगली तिथि मुकर्रर कर दी है। सिंदरीवासियों को आशा है कि जल्द ही सिंदरी खाद कारखाना बीआइएफआर से निकल जायेगा।
एफसीआइ के नई दिल्ली स्थित केन्द्रीय कार्यालय में पदस्थापित सलाहकार केएल राव ने बताया कि कंपनी की जमा पूंजी को घनात्मक बनाने के लिए आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमिटी ने जो निर्णय लिया था उसका प्रारूप संयुक्त सचिव सह सीएमडी एफसीआइ सतीश चन्द्र ने बोर्ड के समक्ष रख दिया है। इधर इंटक के प्रतिनिधि अजय कुमार तथा वीएसएस इम्प्लायज फेडरेशन के अध्यक्ष सेवा सिंह ने बोर्ड के समक्ष कहा कि पूर्वोत्तर भारत में प्राकृतिक गैस की उपलब्धता पर अनिश्चितता व्याप्त है। सिंदरी के पुनरुद्धार के लिए उर्वरक संयंत्र की स्थापना वैधानिक रूप से अनिवार्य शर्त है। अत: सिंदरी के पुनरुद्धार के हित में कोल गैसीफिकेशन आधारित उर्वरक संयंत्र की स्थापना की सैद्धांतिक मंजूरी बीआइएफआर दे। सीएमडी सतीश चन्द्र ने बहस में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि हम इस दिशा में बढ़ रहे हैं। बीआइएफआर बोर्ड के चेयरमैन भवानी सिंह मीणा ने उभय पक्षों को सुनने के बाद 27 जून को सुनवाई की अगली तिथि मुकर्रर कर दी। केएल राव ने बताया कि आर्थिक मामलों के कैबिनेट कमेटी ने कैपिटल लोन का ब्याज समेत दस हजार करोड़ रुपये माफ कर दिया है। स्थानीय देनदारियों के भुगतान के लिए 171 करोड़ रुपये स्वीकृत किये हैं। अब कंपनी को अपना नेटवर्थ घनात्मक बनाते हुए सभी हिसाब किताब चुकता कर बैलेंस शीट अगली सुनवाई के पूर्व बीआईएफआर के समक्ष प्रस्तुत करना है। बीमार घोषित कंपनी का नेटवर्थ घनात्मक होते ही बीआइएफआर कंपनी को रुग्णता के ठप्पे से मुक्त कर देती है। प्रबल संभावना है कि 27 जून को निर्धारित बोर्ड की अगली सुनवाई सिंदरी खाद कारखाना के पुनरुद्धार के मसले में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Thursday, 23 May 2013

होशियार! अब सप्ताह में तीन दिन मजिस्ट्रेट चेकिंग

 धनबाद : यात्रीगण कृपया ध्यान दें..। बेटिकट यात्रियों पर नकेल कसने को रेलवे को पूरी तैयारी कर ली है। ताजा निर्णय के अनुसार अब रेलवे स्टेशन सहित रनिंग ट्रेनों में सप्ताह में तीन दिन मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलेगा। हाल में दिनों में चले मजिस्ट्रेट चेकिंग से मिली सफलता को देखते हुए इसे स्थायी रूप से लागू करने पर सहमति बनी है। पुराना बाजार जानेवाले आम लोगों से बाहरी पुल का उपयोग करने का आग्रह किया गया है। स्टेशन परिसर में पकड़े जाने पर उन्हें भी जुर्माना चुकाना होगा।
मई में 5500 बेटिकटों पर गाज
सीनियर डीसीएम दयानंद के दिशा-निर्देश पर चले टिकट जांच अभियान में मई माह में 5500 बेटिकट यात्री पकड़े गए हैं। अभियान का नेतृत्व रेलवे मजिस्ट्रेट रजनीकांत पाठक, डीसीएम एसके लाल व एसीएम सीएस आजाद स्नेही ने किया। इस अभियान से रेलवे के लगभग 45 लाख रुपये की अतिरिक्त आमदनी हुई है। धनबाद, गोमो, कोडरमा, डालटनगंज सहित पूरे रेल मंडल में अभियान चलाया गया।
- पूमरे में 92550 बेटिकट पकड़े गये
- बेटिकट यात्रियों से 2.95 करोड़ रुपये वसूले गये
- 935 लोगों को जुर्माना नहीं चुकाने पर जेल भेजा गया
- 730 विशेष टिकट अभियान चलाया गया

मुनाफे की ओर बढ़ रही सिटी बस सेवा

मुनाफे की ओर बढ़ रही सिटी बस सेवा
धनबाद : ढाई साल से घाटे में चल रही सिटी बस सेवा के दिन बहुर रहे हैं। इसका घाटा पटने लगा है और अब यह सेवा मुनाफे की ओर बढ़ रही है। जिला प्रशासन और इसकी संचालक संस्था जेटीडीसी इससे उत्साहित हैं।
सिटी बस सेवा का घाटे से निकल कर मुनाफे की ओर कदम बढ़ाने का कारण इसके संचालन में सुधार है। पहले बस चालकों से दस रुपया प्रति किमी के हिसाब से सेल लिया जाता था जिसे कुछ महीना पहले 14 रुपया प्रति किमी कर दिया गया। हालांकि बस चालक 14 रुपया प्रति किमी सेल देने को तैयार नहीं थे, लेकिन बाद में राजी हो गए। विभिन्न रूटों पर चल रही सिटी बसों का अच्छा सेल आने लगा है। इससे बसों के रखरखाव खर्च के अलावा चालकों और कंडक्टरों का वेतन निकल जाता है। हालांकि इसमें थोड़ी कमी रह रही है। जेटीडीसी के स्थानीय प्रबंधक सुरेन्द्र कुमार के अनुसार सिटी बस के संचालन में बहुत सुधार हुआ है। इसमें प्रशासन का सहयोग सराहनीय है।
-----------------
जिला प्रशासन कर रहा निगरानी
जिला प्रशासन सिटी बस के संचालन की मानीटरिंग कर रहा है। इसमें सुधार लाने के लिए उपायुक्त प्रशांत कुमार ने मानीटरिंग कमेटी का गठन किया है जिसमें एसडीओ डा. लालमोहन महतो और जिला परिवहन पदाधिकारी हैं। महीने में दो बार बैठक कर सिटी बस सेवा की समीक्षा की जाती है।
----------------
हो रहे कई प्रयोग
सिटी बस सेवा को बेहतर बनाने के लिए कई प्रयोग हो रहे हैं। कुछ दिन पहले उपायुक्त ने महिलाओं के लिए चार सिटी बस चलाने का ऐलान किया था। यह सेवा गर्मी छुट्टी के बाद शुरू होगी। इसी तरह पर्यटन स्थलों पर सैर सपाटे और शादी -ब्याह के लिए भी चार्टर्ड सर्विस शुरू की गई है।
अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम
जेएनएनयूआरएम के अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम के तहत धनबाद नगर निगम को सिटी बसें मिली है। प्रथम चरण में 70 बसें खरीदी गयीं जिनमें धनबाद की सड़कों पर अभी 30 बसें चल रही हैं जबकि पांच देवघर में चल रही हैं। शेष बसें बरटांड़ बस स्टैंड में खड़ी हैं। धनबाद में सिटी बस सेवा वर्ष 2010 से शुरू हुई है।

झाविमो के धरना में भिड़ंत की स्थिति

झाविमो के धरना में भिड़ंत की स्थिति
झरिया : झारखंड विधानसभा भंग कर राज्य में अविलंब चुनाव कराने की मांग को लेकर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय में झाविमो का धरना चल रहा था। इस दौरान सरोज सिंह व गया सिंह के गुट आमने-सामने हो गए जिससे वहां माहौल गरमा गया। स्थिति बिगड़ने लगी और लगने लगा कि कहीं दोनों गुटों में भिड़ंत न हो जाए। हालांकि स्थिति देख सरोज सिंह समर्थकों के साथ वहां से चले गये तब माहौल शांत हुआ।
बताते हैं कि झाविमो नगर अध्यक्ष गया सिंह ने बिहार जनता खान मजदूर संघ की सदस्यता ली है। इससे झाविमो के कई लोग नाराज हैं। इन लोगों ने गया सिंह को अलग-थलग कर दिया है। इधर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत प्रखंड अंचल कार्यालय पर धरने की गुरुवार को तैयारी थी। इसमें सरोज सिंह ने पूरी तैयारी के साथ तंबू कनात लगवाया। वे अपने कई समर्थकों के साथ धरना पर बैठ गये। धरना शुरू हुआ ही था और जितेंद्र रवानी को अध्यक्षता व रामू प्रसाद को संचालन सौंपा गया। धरनास्थल पर सरोज सिंह व बाबूलाल मरांडी के चित्र वाला बैनर भी लगा था। तभी वहां गया सिंह समर्थकों के साथ पहुंच गये। इन लोगों ने गया के समर्थन में नारेबाजी की। सरोज समर्थकों का आरोप है कि गया समर्थक हाथ में डंडे लिये थे। दो समर्थकों ने तमंचा भी चमकाया। गया सिंह ने धरनास्थल पर पहुंच बैनर हटा कर गया सिंह व बाबू लाल मरांडी के चित्र वाला बैनर लगा दिया। कहा कि नगर अध्यक्ष हम हैं कार्यक्रम नगर में हैं तो अध्यक्षता हमें करने दीजिये। इसी बात पर दोनों पक्षों गरमागरमी होने लगी। बात बढ़ती देख सरोज सिंह, शकील खान, मुन्ना खान समर्थकों समेत उठकर चले गये।
सरोज समर्थकों का कहना है कि अपनी ही पार्टी में लोग टकरायें यह गवारा नहीं था इसलिये सहृदयता के साथ हम लोगों ने वहां से चले आना श्रेयस्कर समझा। इधर कुछ लोगों ने यह भी टिप्पणी की कि पार्टी आलाकमान से कह कर अब निष्कासन करा देंगे। हालांकि सरोज सिंह व उनके समर्थकों के जाने के बाद गया सिंह व उनके समर्थकों ने धरना दिया। झाविमो के नगर अध्यक्ष गया प्रताप सिंह ने धरने में शासन की जमकर आलोचना की व विधान सभा भंग करने की मांग की। धरने में हमीद अतारी, मो. शाहनवाज आलम, मुनीलाल राम, विनोद पासवान, रितेश गुप्ता, राकेश सिंह, दीपक चौधरी, लल्लू झा, महेंद्र शुक्ला, पंकज, अवधेश, फिरोज, बंटी, नियाज, वासुदेव थे।
..
धरना से जाने वाले झाविमो के सिपाही नहीं : गया
झरिया : गया सिंह का कहना है कि झाविमो कार्यकर्ता झंडा लिए थे डंडा नहीं। किसी ने भी तमंचा नहीं चमकाया। झाविमो के जो सिपाही थे उन्होंने धरना दिया। जो धरनास्थल से चले गये उन्हें पार्टी का सिपाही नहीं मानते। हम झाविमो में हैं और उसकी रीति नीति का प्रचार करते रहेंगे। गुटों में बांटकर लड़ाने वालों की नहीं चलने देंगे।
..
आलाकमान को दी मामले की जानकारी : सरोज
झरिया : झाविमो के केन्द्रीय प्रवक्ता सरोज सिंह ने कहा कि हमें कार्यक्रम के लिए प्रभारी बनाया गया था। फिलहाल इस मामले में कुछ न कहेंगे। हम पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं इसलिए आलाकमान को सारी जानकारी दी है। वहीं अपनी बात रखेंगे।

Wednesday, 22 May 2013

वाटर फिल्टर लगाने के बाद भी पानी नसीब नहीं

वाटर फिल्टर लगाने के बाद भी पानी नसीब नहीं
निरसा : ईसीएल मुगमा एरिया की कालोनियों में श्रमिकों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लाखों रुपये से लगाया गया वाटर फिल्टर सफेद हाथी साबित हो रहा है।
बताते हैं कि चापापुर, बैजना और गोपालपुरा में एक वर्ष पूर्व वाटर फिल्टर सिस्टम लगाया गया था। लेकिन मजदूरों को उससे आज तक शुद्ध पानी नहीं मिला, क्योंकि जलापूर्ति के लिए अभी तक पाइप लाइन नहीं बिछायी गयी है। वाटर फिल्टर लगाने में कितना खर्च हुआ, इस सवाल के जवाब में प्रबंधन कहता है कि इसे मुख्यालय द्वारा लगाया गया है। अब चापापुर प्रबंधन अपने स्तर से पाइप लाइन बिछा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि ऐसा सिस्टम गोपालपुरा कालोनी में भी लगाया गया है जबकि वहां जलापूर्ति हो रही है।

अभाविप ने फूंका कुलपति का पुतला

अभाविप ने फूंका कुलपति का पुतला
थापरनगर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने बुधवार को केएसजीएम कालेज में कुलपति का पुतला फूंका। उनका आरोप है कि बीएसके कालेज के प्रभारी प्राचार्य पर मनमानी की शिकायत किए जाने के बाद भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अभाविप सदस्य शक्ति दास ने कहा कि प्रभारी प्राचार्य के मनमाने रवैये से छात्र परेशान हैं। कुलपति से शिकायत किए जाने के बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी। कालेज का शैक्षणिक वातावरण नष्ट हो रहा है। अगर कुलपति ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो विश्वविद्यालय स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। मौके पर दिनेश ठाकुर, नीरज कुमार, पिंकी सिंह, धीरज मिश्रा, हसन रजक, आबिद खान आदि मौजूद थे।

कॉलेजों में सीटें कम, छात्र अधिक

धनबाद : झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने दसवीं का परिणाम जारी कर दिया है। इसी महीने सीबीएसई भी दसवीं का परिणाम घोषित कर देगा। लेकिन इससे पहले ही कॉलेजों में इंटर में प्रवेश के लिए मारामारी शुरू हो गई है। इस वर्ष धनबाद से 38258 छात्र दसवीं परीक्षा में शामिल हुए। जिले का पास प्रतिशत पर गौर करें तो उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या लगभग साढे़ 27 हजार है। जबकि 22 इंटर कॉलेज, प्लस टू स्कूल और दस डिग्री कॉलेजों में लगभग सीमित सीटें हैं। सीबीएसई का परिणाम आने के बाद छात्रों की संख्या में सीधे तौर पर लगभग 10 हजार का इजाफा होगा। जाहिर सी बात है ऐसे में इंटर कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों में प्रवेश को लेकर खींचतान लंबी होने वाली है।
धनबाद में विभावि के छह अंगीभूत और छह संबंद्ध कॉलेज हैं, जहां इंटर की पढ़ाई होती है। अंगीभूत कॉलेजों में प्रत्येक स्ट्रीम (साइंस, आ‌र्ट्स एवं कॉमर्स) में 640-640 सीटें और संबंद्ध कॉलेजों में 512-512 सीटें विभावि की ओर से निर्धारित की गई हैं। हालांकि प्राइवेट कॉलेज इससे अधिक सीटों पर प्रवेश लेते हैं।
आइए जानते हैं कि धनबाद के डिग्री कॉलेजों में कितनी सीटों पर छात्रों का प्रवेश होगा।
--------------
कॉलेज और इंटर की सीट
कॉलेज सीटे
एसएसएलएनटी महिला कॉलेज 1920
पीके राय मेमोरियल कॉलेज 1920
आरएस मोर कॉलेज गोविंदपुर 1920
आरएसपी कॉलेज झरिया 1920
जीएन कॉलेज 1280
बीएसके कॉलेज मैथन 1920
कतरास कॉलेज कतरास 1920
बीएसएस महिला कॉलेज 1536
बीबीएम कॉलेज बलियापुर 1536
एहसान आलम कॉलेज 1536
डीएवी महिला कॉलेज कतरास 1536
केएसजीएम कॉलेज निरसा 1536
राजगंज कॉलेज राजगंज 1536
कुल 22016

जलापूर्ति के लिए ठप किया उत्पादन

जलापूर्ति के लिए ठप किया उत्पादन
थापरनगर : ईसीएल मुगमा एरिया की चापापुर कोलियरी में चार दिन से जलापूर्ति ठप रहने से गुस्साए श्रमिकों ने बुधवार को उत्पादन ठप कर दिया। कोलियरी प्रबंधक के तत्काल जलापूर्ति शुरू करने के भरोसे के बाद उत्पादन शुरू हुआ। उन्होंने एक हफ्ते के अंदर फिल्टर पानी की आपूर्ति करने का भी वचन दिया।
श्रमिकों ने कहा कि इस प्रचंड गर्मी में भी चार दिन जलापूर्ति ठप है। प्रबंधन से कई बार शिकायत की गयी, लेकिन उसके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। श्रमिक आवासों की स्थिति भी जर्जर है, लेकिन उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। आंदोलन में बुद्धि राम दास, काशीनाथ कोयरी, एसआर बल, अनुराग गुप्ता, फणी चन्द्र आदि शामिल थे।

विधायक ढुलू महतो को मिली 10 जून तक राहत

धनबाद : रंगदारी कांड के वारंटी को हिरासत से जबरन मुक्त कराने के चर्चित मामले के आरोपी विधायक ढुलू महतो की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत अर्जी पर प्रभारी जिला न्यायाधीश प्रवीण कुमार सिन्हा ने सुनवाई की। उभय पक्षों का बहस सुनने के पश्चात अदालत ने अभियोजन पक्ष से केस डायरी की मांग करते हुए सुनवाई के लिए 10 जून की तिथि तिथि मुकर्रर की है। अदालत ने दस जून तक के लिए आरोपी विधायक के खिलाफ जारी गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश पारित किया। पिछले दिनों आरोपी विधायक के अलावा चुनचुन गुप्ता, बसंत शर्मा, गंगा साव, रामेश्वर महतो के खिलाफ अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट का तामील होने के पश्चात अनुसंधानक के अनुरोध पर अदालत ने गत दिनों इश्तेहार जारी किया था, जिसका तामील पुलिस ने किया था।
मालूम हो कि शताब्दी परियोजना में कोयला उठाव को गए ए-मित कोल इंटरप्राइजेज के मुंशी गौरीशंकर सिंह से लोडिंग प्वाइंट पर प्रतिटन एक हजार रुपया रंगदारी मांगी गई थी। इन्कार किए जाने पर डीओ धारक के दो ट्रकों में निर्धारित किस्म के कोयले की जगह पत्थर कोयला लोड करा दिया गया था। इस संबंध में मुंशी गौरीशंकर की लिखित सूचना के आधार पर बरोरा पुलिस ने आरोपी राजेश गुप्ता सहित तीन चार अज्ञात के खिलाफ कांड अंकित किया था। रंगदारी के इस मामले में अदालत द्वारा जारी वारंट के आधार पर बरोरा व कतरास थाने की पुलिस संयुक्त रुप से 12 मई 2013 को मुख्य आरोपी राजेश गुप्ता को गिरफ्तार करने के लिए निचितपुर स्थित उसके आवास पर छापामारी की थी। उसे हिरासत में लेकर पुलिस वापस थाना जा रही थी, कि लोगों ने उसे जबरन छुड़ा लिया गया था।
घटना के बाद बरोरा के थानेदार आरएन चौधरी के लिखित प्रतिवेदन के आधार पर कतरास पुलिस ने विधायक ढुलू महतो, राजेश गुप्ता, गंगा साव, बसंत शर्मा, रामेश्वर महतो समेत 30-40 अज्ञात के खिलाफ कांड अंकित किया था। अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक विनोद कुमार तथा बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता एसएन मुखर्जी व ललन किशोर प्रसाद ने मामले की पैरवी की।

कब्र खोदकर निकाला किशोरी का शव

-- कब्र खोदकर निकाला किशोरी का शव

राजगंज/बरवाअड्डा, धनबाद : ट्रैक्टर से कुचलकर मारी गई 15 वर्षीय किशोरी लक्ष्मी की मौत की खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को प्रशासन सक्रिय हुआ। दंडाधिकारी एवं पुलिस की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लक्ष्मी के पिता करमचंद मोहली की शिकायत पर बरवाअड्डा थाने में छोटा पिछड़ी स्थित बीबीएम भट्ठा संचालक सुबल चौधरी एवं चालक के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
मालूम हो कि लक्ष्मी की मौत ट्रैक्टर का चक्का चढ़ जाने से हुई थी और आनन-फानन शव को बांका पुल के समीप दफना दिया गया था। कब्र से शव निकालने के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी जगबंधु महथा, थाना प्रभारी उज्ज्वल शाह, तोपचांची के बिरजू गंजू एवं बरवाअड्डा प्रभारी अजय पंजिकार मौजूद थे।
लक्ष्मी के पिता ने थाने में आवेदन देकर कहा कि घटना के दिन सोमवार को उनका परिवार बीबीएम भट्ठा में काम कर रहा था। सुबह करीब आठ बजे बेटी लक्ष्मी के साथ भट्ठा संचालक एवं ट्रैक्टर चालक के बीच कुछ कहासुनी हुई। इसी दौरान मालिक के इशारे पर चालक ने ट्रैक्टर लक्ष्मी पर चढ़ा दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। शव को बांका पुल के पास दफना दिया गया। भट्ठा संचालक ने दाह संस्कार के लिए 10 हजार रुपया दिया गया था। बताते हैं कि मामले को रफादफा करने के लिए संचालक द्वारा एक लाख रुपये देने की बात कही गई थी। वहीं मुखिया ने दो लाख देने को कहा। बात नहीं बनी तो पुलिस को सूचना दे दी गई। महेशपुर पंचायत के मुखिया अर्जुन महतो ने कहा कि परिजनों से जानकारी मिलने के बाद घटना की सूचना वरीय पदाधिकारी को दी गई। लक्ष्मी का परिवार पिछले पांच साल से भट्ठे में काम कर रहा था।

कब्र खोदकर निकाला युवती का शव

कब्र खोदकर निकाला युवती का शव
राजगंज/बरवाअड्डा : ट्रैक्टर से कुचलकर मारी गई 15 वर्षीय किशोरी लक्ष्मी की मौत की खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को प्रशासन सक्रिय हुआ। दंडाधिकारी एवं पुलिस की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लक्ष्मी के पिता करमचंद मोहली की शिकायत पर बरवाअड्डा थाने में छोटा पिछड़ी स्थित बीबीएम भट्ठा संचालक सुबल चौधरी एवं चालक के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
मालूम हो किलक्ष्मी की मौत ट्रैक्टर का चक्का चढ़ जाने से हुई तथा आनन-फानन में शव को बांका पुल के समीप दफना दिया। कब्र से शव निकालने के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी जगबंधु महथा, थाना प्रभारी उज्ज्वल शाह, तोपचांची के बिरजू गंजू एवं बरवाअड्डा प्रभारी अजय पंजिकार सहित पुलिस बल मौजूद थे।
लक्ष्मी के पिता ने थाने में आवेदन देकर कहा है कि घटना के दिन उनका पूरा परिवार बीबीएम भट्ठा में काम कर रहा था। बेटी लक्ष्मी के साथ संचालक एवं ट्रैक्टर चालक के बीच कुछ कहासुनी हुई। इस दौरान मालिक के इशारे पर चालक ने ट्रैक्टर लक्ष्मी पर चढ़ा दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को जरमुनई लाकर बांका पुल के पास दफना दिया गया। भट्ठा संचालक द्वारा 10 हजार रुपया दाह संस्कार के लिए दिया गया था। मामले में महेशपुर पंचायत के मुखिया अर्जुन महतो ने कहा कि परिजनों द्वारा मामले की जानकारी मिलने के बाद घटना की सूचना वरीय पदाधिकारी को दी गई। घटना सोमवार सुबह आठ बजे घटी थी। लक्ष्मी का पूरा परिवार पिछले पांच साल से इस भट्ठे में काम कर रहा था।

लीड : कोलियरी कार्यालय पहुंची भूमिगत आग, कागजात जले

लीड : कोलियरी कार्यालय पहुंची भूमिगत आग, कागजात जले
तेतुलमारी : भूमिगत आग ने तेतुलमारी कोलियरी के पुराने कार्यालय को अपने आगोश में लेते हुए वहां रखे कागजातों को राख कर दिया। बुधवार शाम करीब पांच बजे अचानक एक कमरे से धुआं व आग की लपटे निकलने लगी। पड़ोस में रहने वाले लोग खतरा देख अपने-अपने घरों से बाहर आ गए। सूचना पाकर कोलियरी प्रबंधन ने शीघ्र दमकल बुलाया। स्थानीय लोग प्रबंधन को आग बुझाने नहीं दे रहे थे। उनका कहना था कि प्रबंधन पहले पुनर्वास की व्यवस्था करे। लोगों का विरोध देख अग्निशमन विभाग के कर्मी वापस लौट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना के आक्रोशित पांडेडीह छह नंबर मोहल्ला के लोगों ने कहा कि जमीन के अंदर लगी आग से लोगों की जान खतरे में है। प्रबंधन पहले पुनर्वास की व्यवस्था करे, तब आग बुझाने दिया जाएगा। ग्रामीणों के उग्र तेवर देख आगे बुझाने का कार्य बीच में रोक दमकल कर्मी वापस लौट गए। इस बीच कोलियरी के कई कर्मी कार्यालय पहुंचे और संचिकाओं की खोजबीन करने लगे। ग्रामीणों और कर्मियों के बीच नोकझोंक हुई। कर्मियों को अपनी फाइल जलने की चिंता सता रही थी, वहीं ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े थे। कुछ देर बाद यूनियनों के नेता घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करने लगे। नेताओं का कहना था कि जिस कार्यालय में आग लगी है वहां 1360 कर्मियों की सेवा से संबंधित कागजात रखा है। इसलिए आग बुझाने दिया जाए। यूनियन प्रतिनिधियों की बात ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। काफी मशक्कत के बाद लोग शांत हुए और तब जाकर आग पर नियंत्रण पाया गया।
उपयोगी नहीं थे कागजात : प्रबंधक
कोलियरी प्रबंधक केके सिन्हा ने कहा कि कोलियरी कार्यालय के पीछे पीएसबी चार नंबर खदान अग्नि प्रभावित क्षेत्र घोषित है। इस क्षेत्र के 22 रैयतों को पुनर्वास के लिए जमीन मुहैया करायी जा चुकी है। चारों ओर अग्नि प्रभावित क्षेत्र है जिसके कारण यह आग लगी। जिन कागजातों में आग लगी है वह उपयोगी नहीं है। इसके साथ ही 170 में से 120 गैर रैयतों को पीएसटी एवं सीएपी में जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है। शेष लोगों को एक सप्ताह के अंदर मुआवजा व पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
मौके पर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा पदाधिकारी दिलीप कुमार, अभियंता एके कर्मकार, कुमार तन्मय, चंदन मुखर्जी, एनके सिंह के अलावा ग्रामीणों की ओर से उपेंद्र प्रजापति, संटी सिंह, शिवदयाल सिंह, बंटी सिंह, पप्पू सिंह, राजू गुप्ता, दलजीत सिंह, छोटू सिंह, एम सिंह आदि थे।

वासेपुर में आग से सात दुकानें राख

वासेपुर में आग से सात दुकानें राख
वासेपुर : क्षेत्र के आरा मोड़ रेलवे फाटक के पास अवस्थित दुकानों में मंगलवार की देर रात किसी ने आग लगा दी। आग से सात दुकानें राख हो गई। इनके संचालकों को लाखों का नुकसान हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस ने भी मदद की।
जानकारी के अनुसार आग से मो. गुलाम और मो. मुख्तार का मुर्गा दुकान, मो. निसार का जनरल स्टोर, मो. तस्लीम, लालू, और हेमलाल की आलू-प्याज की दुकान, पुटू की पान दुकान जलकर राख हो गई। इसके अलावा कलाम कुरैशी की मटन दुकान में भी आग लगी लेकिन इसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मो. गुलाम और मो. मुख्तार के दुकान में रखे करीब 70 किलो मुर्गे और 10 किलो मछली भी आग की भेंट चढ़ गए। लोगों ने बताया कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई है। रात में वहां कुछ झगड़ा हुआ था जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस छानबीन में जुटी है।

वासेपुर में मिठाई विक्रेता के साथ मारपीट

वासेपुर : बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के वासेपुर कमरमखदुमी रोड निवासी मिठाई विक्रेता नजरुल हक के साथ उसके पड़ोसियों ने मारपीट की है। मारपीट में नजरुल को गंभीर चोट आई है। वे पीएमसीएच में भर्ती हैं। पुलिस को दिए गए बयान में उन्होंने बताया कि वे मकान में निर्माण कार्य करवा रहे हैं, इस बीच पूर्व साजिश के तहत अलीममुल्लाह उर्फ पहलवान, अतीक उर्फ इंतजार, सैफ और बबलू कबाड़ी ने उसे लोहे के रॉड से पीट दिया। वहीं नया बाजार में पानी का पादप ले जाने को लेकर हुई मारपीट में तनवीर और मुज्जमल गद्दी नामक दो भाइयों को पीट कर जख्मी कर दिया गया है। तनवीर ने बताया कि उन्हें मेहबूब आलम, जमशेद,तबरेज समेत 15-20 लोगों ने पीटा है। बताया कि पाइप ले जाने के लिए उक्त लोग पचास हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। नहीं देने पर उक्त लोगों ने पीटा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं सरायढेला थाना क्षेत्र के कोला कुसमा निवासी कविता मंडल ने मंजू मंडल, अजय मंडल, संतोष मंडल, दुलाल मंडल, कल्पना देवी के खिलाफ जान मारने की नीयत से गला दबाने का आरोप लगाया है। बताया है कि उक्त लोग अक्सर उसके साथ मारपीट करते और जान मारने की धमकी देते हैं।

रोजगार देने की मांग पर रोकी ट्रांसपोर्टिग

रोजगार देने की मांग पर रोकी ट्रांसपोर्टिग
भौंरा, झरिया
कोलियरी कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पार्षद चंदन महतो की अगुवाई में गौरखूंटी में ट्रांसपोर्टिग रोक दी। इससे दर्जनों ट्रक खड़े हो गये हैं। देर शाम तक प्रबंधन से वार्ता न होने के कारण स्थिति जस की तस बनी है। संघ कार्यकर्ता स्थानीय ग्रामीणों को लोडिंग कार्य में 50 प्रतिशत भागीदारी की मांग कर रहे हैं।
आंदोलन की अगुवाई कर रहे पार्षद चंदन महतो ने बताया कि ग्रामीण व विस्थापितों को थ्री पिट व तेइस आठ खदान के डिपो में काम देने की हमारी मांग है। इस पर प्रबंधन ध्यान नहीं दे रहा है। नतीजा आंदोलन की राह पकड़नी पड़ी। बारह बजे दिन से की दोनों डिपो से निकलने वाले डीओ होल्डर के ट्रकों को आंदोलनकारियों ने गौरखूंटी के पास रोक दिया। सुदामडीह थाना प्रभारी नवीन प्रसाद ने मौके पर पहुंच आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की पर वे नहीं माने। शाम तक प्रबंधन की ओर से कोई अधिकारी वार्ता को नहीं आया। दूसरी ओर डीओ धारकों ने प्रबंधन से ट्रक रोके जाने की शिकायत की है। उनका कहना है कि बीस फरवरी से डीओ होल्डर को थ्री पिट में कोयला नहीं मिल रहा था। बुधवार को कोयला मिलना शुरू हो गया तो यह स्थिति हो गई। उचित कार्रवाई की जाये। विक्रय अधिकारी टीएस चौहान का कहना है कि सभी लोड गाडि़यों को वापस लोडिंग प्वाइंट पर खड़ा करायेंगे। आंदोलन में हरिपद महतो, बुलेट दास, श्रीकांत सिंह, योगेन्द्र, शैलेश सिंह आदि थे।

रिलायंस टावर के छह कार्ड चोरी

धनबाद : धनबाद थाना क्षेत्र के तेलीपाड़ा हीरापुर स्थित एसबीआइ बैंक मैनेजर सतीश कुमार के छत पर लगे रिलायंस टावर का बीटीएस कार्ड चोरों ने चुरा लिया है। मामले की शिकायत कंपनी कर्मी उत्तम पांडेय ने धनबाद थाने में की है। उक्त कार्ड का प्रयोग टू जी व थ्री जी नेटवर्क के लिए होने की बात बताई गई है।

नॉन बैंकिंग के दो एजेंट पुलिस के हवाले

नॉन बैंकिंग के दो एजेंट पुलिस के हवाले
कालूबथान : कालूबथान ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुसनलिया के ग्रामीणों ने मंगलवार शाम नान बैंकिंग कंपनी आरएमपी नेटवर्किंग के एजेंट विरेन्द्र हेम्ब्रम और सुकुमार रविदास को दबोच कर कालूबथान पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनके पास मौजूद कागजात की जांच की और दुबारा गांव में न आने की हिदायत देकर उन्हें छोड़ दिया।
ग्रामीण माधव राय, आनंद राय, गणपत राय, विभीषण राय, कार्तिक राय, बादल दे आदि ने कहा कि दोनों एजेंट गांव के लोगों को तीन महीने से ठग रहे थे। जानकारी मांगने पर वे कंपनी का गोविंदपुर कार्यालय जाने की बात कहते थे। उन्होंने करगली के पांच लोगों से सात-सात हजार रुपया लिया है।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत
जाटी, बलियापुर/गोविंदपुर : गोविंदपुर इलाके के गोड़तोपा गांव में डोमनडीह मोड़ के समीप बलियापुर-गोविंदपुर मार्ग पर बुधवार की रात एलपी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती 40 वर्षीय नेपाल महतो व 37 वर्षीय झुनिया देवी की मौत हो गई। घटना के बाद नाराज लोगों ने परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर सड़क जाम कर दिया। बलियापुर व गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची है। हालांकि रात दस बजे तक किसी वरीय अधिकारी के न आने से लोगों में आक्रोश कायम था।
बताते हैं कि धनबाद के धारजोरी भूली निवासी नेपाल महतो अपनी पत्नी झुनिया देवी के साथ बलियापुर के जगदीश गांव स्व. धनंजय महतो के घर ससुराल आये थे। शाम को वे वापस अपने घर भूली जा रहे थे। तभी गोविंदपुर इलाके के गोड़तोपा गांव के पास शाम सात बजे यह घटना घटी। ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी व दंपती को कुचल दिया। घटना के बाद एलपी ट्रक चालक ट्रक संख्या जेएचच 17 बी 0740 छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोगों व जगदीश गांव से पहुंचे लोगों ने सड़क जाम कर दी। सूचना पाकर भूली धारजोरी से काफी संख्या में लोग पहुंच गए। इनका कहना था कि मरने वालों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। मौके पर बलियापुर व गोविंदपुर पुलिस पहुंची। लोगों को समझाया पर वे नहीं माने। उनका कहना था कि कोई वरीय अधिकारी आकर बात करे। साथ ही मुआवजा दिया जाए। घटनास्थल से लोगों ने शव भी नहीं उठने दिया है।

पति की हत्या के मामले में किया सरेंडर, भेजी गई जेल

धनबाद. प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने के मामले में आरोपी सीमा देवी ने गुरुवार को सीजेएम की अदालत में आत्मसमर्पण किया। सीजेएम ने उसे जेल भेज दिया। सीमा के खिलाफ पड़ोसी सावित्री देवी ने 10 अक्टूबर 2011 को धनसार थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस अनुसंधान में सीमा का अवधेश नामक लड़के के साथ प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई थी। पुलिस ने अवधेश विश्वकर्मा के खिलाफ भी हत्या का आरोप लगाया गया।

यह है मामला
सोमर यादव अपनी पत्नी सीमा देवी के साथ नई दिल्ली कॉलोनी धनसार में रहता था। सोमर राजमिस्त्री का काम करता था। सीमा के संबंध अवधेश नामक लड़के के साथ था। सीमा ने अपनी प्रेमी अवधेश के साथ मिलकर सोमर की हत्या कर दी।

हत्या के बाद सीमा फरार हो गई। घटना के बाद पड़ोस के नंद किशोर ने सावित्री देवी को सोमर के गायब रहने की बात बताई। नंद किशोर ने सावित्री को यह भी बताया कि सोमर के घर से दुर्गंध निकल रही है। सावित्री ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने सावित्री की उपस्थिति में सोमर के घर का ताला तोड़कर देखा कि सोमर की लाश चौकी के नीचे पड़ा है। सावित्री के बयान पर धनसार थाने में सीमा एवं अवधेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

झामुमो कल लेगा आरपार का फैसला

झामुमो कल लेगा आरपार का फैसला
 धनबाद : मुंडा सरकार गिराने के चार माह बाद भी कांग्रेस द्वारा सरकार बनाने पर हरी झंडी नहीं दिखाने से झामुमो के सब्र का बांध टूट गया है। इस सवाल पर निर्णायक फैसला लेने के लिए झामुमो ने अपनी दो दिवसीय केंद्रीय कमेटी की बैठक मंगलवार से इस्पात नगरी बोकारो में बुलाई है। यह बैठक न सिर्फ झामुमो बल्कि पूरे झारखंड के लिए अहम माना जा रहा है। इस बैठक में सरकार गठन के बारे में निर्णायक फैसला हो सकता है। साथ ही यह भी तय होगा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एवं झामुमो हमसफर बनेंगे या नहीं। यदि सरकार नहीं बनती है तो झामुमो कांग्रेस से मिलकर चुनाव लड़ने को कतई तैयार नहीं होगा। इतना ही नहीं, मुंडा सरकार से समर्थन वापसी के फैसले को लेकर बैठक में विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन पर तीखे प्रहार हो सकते हैं।
बुधवार को पार्टी कांग्रेस से दो टूक कह देगी कि सरकार बनाना है तो बनाएं अन्यथा विधानसभा भंग कर चुनाव कराए। अभी तक कांग्रेस सरकार गठन के बारे में झामुमो को लालीपाप ही दिखाती रही है। जब-जब झामुमो की आस टूटने लगती है कांग्रेस के प्रदेश स्तर के नेता सरकार गठन पर मंथन शुरू कर देते हैं। यह बात दीगर है कि कांग्रेस आलाकमान चुप्पी साधे रहता है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि केंद्रीय कमेटी की बैठक के बाद कांग्रेस से स्पष्ट कह दिया जाएगा निर्धारित अवधि के अंदर सरकार बनाओ या चुनाव कराओ। भाजपा, झाविमो विधानसभा भंग कर चुनाव कराने की मांग कर चुकी है। झामुमो एवं कांग्रेस ने अभी तक चुनाव कराने की मांग नहीं की है। कांग्रेस यदि चाहे तो राज्य में सरकार बन सकती है। झामुमो कांग्रेस को अब और अधिक समय देने को तैयार नहीं है। बैठक में महाधिवेशन के आयोजन पर विशेष चर्चा होगी। इधर बिना किसी ठोस मुद्दे के मुंडा सरकार को गिराने एवं कांग्रेस के साथ मिलकर अब तक सरकार नहीं बना पाने के कारण बैठक में हेमंत निशाने पर होंगे। हेमंत को तीखे सवालों से जूझना पड़ेगा। इस सवाल को लेकर पार्टी के अधिकांश विधायक हेमंत से नाराज हैं। यह अलग बात है कि खुलकर कोई बोलने को तैयार नहीं है। वहीं आम कार्यकर्ता सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से चिरौरी करने के पक्ष में नहीं है। बैठक में ऐसे कार्यकर्ताओं का नेतृत्व पर सीधा दबाव होगा कि चुनाव कराया जाए।

साउथ बलिहारी में प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ

पुटकी : साउथ बलिहारी में नवनिर्मित शिव मंदिर के पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के तीसरे दिन मंगलवार को पुस्पाधिवास पूजा अर्चना की गई। पांच दिवसीय यज्ञ के मंडप में परिक्रमा करने वालों का तांता लगा रहता है। सोमवार की रात पंडित सूर्यकांत त्रिपाठी ने धुंधकारी की कथा का वर्णन किया। शिवशंकर पांडेय, रामविलास राम, जितेंद्र शर्मा, इंद्रदेव प्रसाद, गणेश आदि का योगदान रहा।

न्यूनतम मजदूरी मिलने पर विजय जुलूस

न्यूनतम मजदूरी मिलने पर विजय जुलूस
तिसरा: हाई पावर कमेटी की ओर से असंगठित मजदूरों को तय की गयी न्यूनतम मजदूरी मिलने की खुशी में सीके साइडिंग के मजदूरों ने मंगलवार को बीसीकेयू व झामुमो के बैनर तले जुलूस निकाला। साइडिंग में कार्यरत मजदूरों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा खुशियां मनायी। साइडिंग से निकला जुलूस मोहरीबांध, घनुडीह, दुर्गापुर, कुजामा क्षेत्र का भ्रमण कर पुन: साइडिंग पहुंचा। इसके पूर्व मजदूरों ने साइडिंग में पूजा-अर्चना कर पाठा बलि दी। बीसीकेयू के महामंत्री एसके बख्शी ने कहा कि लाल झंडा हमेशा मजदूरों के हक व अधिकार के लिए लड़ा है। लाल झंडा के दबाव में ही प्रबंधन ने यहां मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का जनवरी से भुगतान किया। साइडिंग के मजदूरों को हक दिलाने के बाद अब आउट सोर्सिग में कार्यरत असंगठित मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी दिलाने के लिए आंदोलन करेंगे। आउट सोर्सिग के मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी व दीवाली गिफ्ट नहीं दिया तो आउट सोर्सिग का चक्का जाम करेंगे। सुरेश प्रसाद गुप्ता, एएम पाल, राजेंद्र पासवान, बिंदा पासवान, हरेंद्र निषाद, राजेश बिरुआ, राम प्रसाद यादव, सपन, मनोज निषाद, सुरेंद्र पासवान, शांति, लक्ष्मी थे।

आग से टेलर वर्कशॉप खाक

आग से टेलर वर्कशॉप खाक
वासेपुर : हीरापुर पार्क मार्केट में संचालित न्यू सहेली टेलर के वासेपुर में अवस्थित वर्कशॉप में सोमवार रात आग लगने से करीब एक लाख की संपत्ति जल गई। वर्कशॉप संचालक ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। वर्कशॉप में ही ग्राहकों के कपड़े सिले जाते थे। संचालक मो. हासिम के अनुसार रात में करीब 11:30 बजे शॉर्ट सर्किट से यहां आग लग गई। कपड़ों के कारण आग ने तत्काल विकराल रूप धारण कर लिया। आग के कारण वर्कशॉप में सिलने के लिए आए ग्राहकों के सारे कपड़े जल गए। इसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जाती है। इसके अलावा सिलाई मशीन और काउंटर भी जल गया। आग से भवन को भी नुकसान पहुंचा है। मो. हासिम के अनुसार लगभग एक लाख की संपत्ति आग से जल गई।

लोगों ने ठुकराया शौचालय निर्माण का प्रस्ताव

लोगों ने ठुकराया शौचालय निर्माण का प्रस्ताव
चिरकुंडा : निर्मल भारत अभियान के तहत पेयजल व स्वच्छता विभाग द्वारा चलायी जा रही शौचालय निर्माण योजना को लोगों ने ठुकरा दिया है। इस योजना के तहत शौचालय निर्माण के लिए लोगों को मात्र नौ सौ रुपया लगाना है जबकि शेष 46 सौ की राशि राज्य सरकार देगी। लोगों ने कहा कि जब सरकार पूरा पैसा देगी तभी शौचालय बनाएंगे।
प्रिंस आर्ट एंड रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी ने मंगलवार को शिवली बाड़ी दक्षिण पंचायत के गाड़ीखाना, उड़िया धौड़ा और बाउरी टोला में जागरूकता अभियान चलाया। वक्ताओं ने लोगों से कहा कि खुले में शौच करने से कई तरह की बीमारी होती है। इसलिए वे किसी भी परिस्थिति में खुले में शौच न करें, बल्कि सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का उपयोग करें। इसके अलावा सरकार हर गांव में मिनी वाटर टैंक लगाने जा रही है ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पानी मिल सके। अभियान में जिला समन्वयक समेत आठ प्रखंड समन्वयक, संकुल समन्वयक, साकेत कुमार, संजय शर्मा, सुमित कुमार, वरुण सिन्हा आदि थे।

750 कर्मी एसीपी लाभ से वंचित

750 कर्मी एसीपी लाभ से वंचित
जासं, धनबाद : नगर निगम में समायोजन, छठा वेतनमान, एसीपी व डीए भुगतान की मांग को लेकर प्राधिकार संघर्ष समन्वय समिति के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को माडा एमडी से वार्ता की। यूनियन प्रतिनिधियों ने माडा का निगम में पूर्ण रूप से समायोजन करने का मुद्दा उठाया। एमडी को बताया कि अभी तक लगभग 750 कर्मचारी एसीपी से वंचित हैं, 1100 कर्मी एसीपी का लाभ ले रहे हैं। वंचित कर्मियों को एसीपी दिया जाए। इसके अलावा माडा में छठा वेतनमान लागू किया जाए। माडा प्रबंधन ने मांगों पर विचार करने के लिए यूनियन से कुछ दिन का समय मांगा है। प्रबंधन वंचित कर्मियों को एसीपी देने पर विचार कर रहा है। इससे वेतन पर 80 लाख का अतिरिक्त भार बढ़ेगा। छठा वेतनमान के लिए कमेटी बनाई जा सकती है। यूनियन की मांगों से उपायुक्त को अवगत कराया जाएगा। वार्ता में तकनीकी सदस्य, कार्यपालक अभियंता सहित लेखा पदाधिकारी व यूनियन यूनियन प्रतिनिधि शामिल थे। इस दौरान जनता मजदूर संघ माडा इकाई के सचिव मिथिलेश सिंह ने छठे वेतनमान एवं डीए भुगतान का मांगपत्र एमडी को सौंपा।

निबंध प्रतियोगिता जीतने पर मिलेंगे एक लाख

धनबाद : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन डॉ.अंबेडकर फाउंडेशन की ओर से डा.अंबेडकर फाउंडेशन नेशनल निबंध प्रतियोगिता-2013 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्रों को शामिल होना है। हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में हो रही परीक्षा के लिए कैश प्राइज रखा गया है। इस संबंध में डीईओ कार्यालय की ओर से सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को पत्र भेजा गया है। प्रतियोगिता के लिए आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 15 जुलाई है। प्रतियोगिता के लिए दो विषय, 'डा.अंबेडकर : समाज सुधारक' और डा.अंबेडकर एवं महिला सशक्तिकरण' रखे गए हैं। प्रथम विषय में पहला स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 25 हजार और द्वितीय विषय में पहला स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 1 लाख रुपये का कैश प्राइज दिया जाएगा।