Pages

Friday, 24 May 2013

मजदूर की मौत, मुआवजे के लिए गेट जाम

मजदूर की मौत, मुआवजे के लिए गेट जाम
मैथन : मैथन ओपी अंतर्गत बाबा हाईटेक प्रा. लि. मेढ़ा में गुरुवार शाम हाइड्रा मशीन की चपेट से 45 बरस का एक मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने कंपनी के गेट को जाम कर दिया। प्रबंधन द्वारा पीड़ित परिवार को पांच लाख, दाह संस्कार के लिए 50 हजार नगद और उसके पुत्र को नियोजन देने की घोषणा के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक रमाकांत यादव जब अपना काम कर रहा था तभी हाइड्रा मशीन की चपेट में आकर जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे एक नर्सिग होम में भर्ती किया गया जहां के चिकित्सकों ने उसे केन्द्रीय अस्पताल भेज दिया। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे मिशन अस्पताल दुर्गापुर भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गयी। यह सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने शव के साथ कंपनी के गेट को जाम कर दिया। वे पीड़ित परिवार को दस लाख रुपया मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। वार्ता में प्रबंधन की ओर से बमबम जायसवाल, विष्णुपदो भुइयां, तथा मजदूरों की ओर से झाविमो नेता मन्नू तिवारी, मधुरेन्द्र गोस्वामी, फारुक गलेरिया, मासस नेता मुन्ना यादव, मुखिया मनोज राउत, माले नेता रवीन्द्र वर्णवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष डबलू बाउरी, उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी तथा प्रशासन की ओर से डीएसपी एजरा बोदरा, सीआइपी राजकपूर, ओपी प्रभारी एस लिंडा आदि शामिल थे।

0 comments:

Post a Comment