झामुमो कल लेगा आरपार का फैसला
बुधवार को पार्टी कांग्रेस से दो टूक कह देगी कि सरकार बनाना है तो बनाएं अन्यथा विधानसभा भंग कर चुनाव कराए। अभी तक कांग्रेस सरकार गठन के बारे में झामुमो को लालीपाप ही दिखाती रही है। जब-जब झामुमो की आस टूटने लगती है कांग्रेस के प्रदेश स्तर के नेता सरकार गठन पर मंथन शुरू कर देते हैं। यह बात दीगर है कि कांग्रेस आलाकमान चुप्पी साधे रहता है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि केंद्रीय कमेटी की बैठक के बाद कांग्रेस से स्पष्ट कह दिया जाएगा निर्धारित अवधि के अंदर सरकार बनाओ या चुनाव कराओ। भाजपा, झाविमो विधानसभा भंग कर चुनाव कराने की मांग कर चुकी है। झामुमो एवं कांग्रेस ने अभी तक चुनाव कराने की मांग नहीं की है। कांग्रेस यदि चाहे तो राज्य में सरकार बन सकती है। झामुमो कांग्रेस को अब और अधिक समय देने को तैयार नहीं है। बैठक में महाधिवेशन के आयोजन पर विशेष चर्चा होगी। इधर बिना किसी ठोस मुद्दे के मुंडा सरकार को गिराने एवं कांग्रेस के साथ मिलकर अब तक सरकार नहीं बना पाने के कारण बैठक में हेमंत निशाने पर होंगे। हेमंत को तीखे सवालों से जूझना पड़ेगा। इस सवाल को लेकर पार्टी के अधिकांश विधायक हेमंत से नाराज हैं। यह अलग बात है कि खुलकर कोई बोलने को तैयार नहीं है। वहीं आम कार्यकर्ता सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से चिरौरी करने के पक्ष में नहीं है। बैठक में ऐसे कार्यकर्ताओं का नेतृत्व पर सीधा दबाव होगा कि चुनाव कराया जाए।
0 comments:
Post a Comment